पिलाना (बागपत)। बदमाशों को पुलिस की धता बताते हुए लूट की दो वारदातों को अंजाम दे डाला। पिलाना निवासी सेवानिवृत्त सैनिक सुशील त्यागी ने बताया कि वह पत्नी सरला के साथ अमीनगर सराय बाजार में समान लेने गए थे। शाम करीब छह बजे बाइक से वापस लौटते समय पिलाना ईंट-भट्टे के निकट बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। दोनों को गन प्वाइंट पर लेकर 12 हजार रुपये की नगदी, मोबाइल, पत्नी से सोने के कुंडल, अंगूठी और चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों का कहना था कि डायल 100 पर वह कॉल करते रहे, लेकिन कॉल रिसीव नहीं की गई।
उधर, पिलाना निवासी शिवचरण पुत्र राजकुमार प्रजापति ने बताया कि आसपास के गांवों में सब्जी बेचने का काम करता है। पिलाना-ढिकोली मार्ग पर तीन युवकों ने सब्जी लेने के बहाने उसे रोका लिया और उससे पांच हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर पिटाई की गई। पीड़ितों ने पुलिस को वारदात की जानकारी दी है लेकिन सिंघावली अहीर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने वारदात की जानकारी होने से ही इंकार किया है।