चांदीनगर (बागपत)। हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से गौना गांव के दो किसानों की दस बीघा ईख की फसल जल गई। गुस्साए लोगों ने रटौल बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने अफसरों ने पीड़ित किसानों को मुआवजा देने की मांग की।
गौना गांव के खेतों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। एक सप्ताह पहले गांव के ही किसान सुभाष की छह बीघा फसल लाइन की चिंगारी से जल गई थी। उन्होंने कहा निगम के कर्मचारियों ने सोमवार को ही लाइन ठीक की । इसके कुछ समय बाद ही लाइन से चिंगारी निकलने से किसान सुभाष और रामबीर की 10 बीघा ईख की फसल जल गई। इससे ग्रामीणों में निगम के प्रति रोष हो गया। ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर रटौल बिजली घर पर पहुंच गए। वहां उन्होंने विद्युत निगम के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी कर हंगामा किया। पीड़ित किसानों को मुआवजा देने की मांग की। इस मौके पर शीशपाल, गजेंद्र, देवेंद्र, बेगराज, सुनील, राजेंद्र, संदीप, विपिन, सतीश त्यागी, राहुल, तेजपाल, सुरेंद्र, नीतिश, विजयपाल आदि मौजूद रहे। निगम के अफसरों ने कहा विद्युत लाइन को ठीक कराया जाएगा।
फिरोजपुर में फिर ट्रांसफार्मर से सामान चोरी
चांदीनगर (बागपत)। खेकड़ा क्षेत्र के फिरोजपुर के जंगल में चोरों ने फिर धावा बोल दिया। किसान हरि सिंह के नलकूप के पास रखे ट्रांसफार्मर को खंभों से नीचे गिराकर उसमें से कीमती सामान चोरी कर लिया। किसान खेतों पर पहुंचे तो चोरी का पता लगा। किसान की सूचना पर रटौल बिजलीघर में तैनात जेई मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस से शिकायत की।