अमीनगर सराय (बागपत)। कस्बे में पिछले माह सराफ के शोरूम में हुई डकैती के मामले में एसपी जय प्रकाश ने घटनास्थल का बुधवार को जायजा लिया। व्यापारियों को केस का खुलासा और सुरक्षा का भरोसा दिया ।
अमीनगर सराय के सराफ विपुल जैन के शोरूम में 24 अगस्त को डकैती की वारदात को अंजाम दिया । इसको लेकर काफी हंगामा हुआ । आईजी रामकुमार ने पहुंचकर व्यापारियों को जल्द ही केस का खुलासा करने का आश्वासन दिया , लेकिन पुलिस अभी तक पूरी तरह से खाली हाथ है। इससे पहले सराफ अंकित के मकान में 14 नवंबर 2016 को बदमाशों ने डकैती डाली । पुलिस उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर अभी तक बरामद नहीं कर पाई है। दोनों ही घटनाओं को लेकर व्यापारी दहशत में हैं। बुधवार को एसपी जयप्रकाश दोनों ही घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित व्यापारियों से घटना की जानकारी ली। इस दौरान व्यापारियों ने बताया वे पूरी तरह से असुरक्षित है। दहशत के चलते जनपद से काफी व्यापारी पलायन कर चुके हैं। एसपी ने जल्द ही केस का खुलासा करने और सुरक्षा का भरोसा दिया।