बड़ौत (बागपत)।
हवालात में एक युवक की हालत बिगड़ने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उसे हवालात से निकालकर सीएचसी भेजा। पुलिस उपचार के बाद उसे कोतवाली ले आई । पुलिस ने उपचार कराकर युवक को परिजनों की सुपुर्दगी में दिया।
रविवार की रात में सुमित पुत्र मांगेराम निवासी बावली रोड और अंशुल निवासी पुट्ठी को शराब के नशे में पुलिस ने बिनौली रोड से पकड़ा और पुलिस को शक था वे चोरी करने जा रहे हैं। तभी से पुलिस उन्हें कोतवाली में बैठाकर पूछताछ कर रही थी। सोमवार को अचानक सुमित हवालात में बेहोश हो गया। बेहोश होने के बाद पुलिसकर्मियों के हाथ-पैर फूल गए और उसे सीएचसी भेजा। वहां उपचार करने के बाद जब उसकी हालत ठीक हुई तो पुलिसकर्मी उसे कोतवाली ले आए । इसके बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। बाद में पुलिस ने उसे परिजनों की सुपुर्दगी में दिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी ने कहाजिस समय दोनों युवकों को पकड़ा था वे अत्यधिक नशे में थे और खाना न खाने के कारण गर्मी के चलते सुमित की हालत बिगड़ी है। अब उसकी हालत ठीक है, उसे सुपुर्दगी में दे दिया गया है।