बिनौली (बागपत)। बरनावा गांव में शुक्रवार की रात में गन्ने से लदे ओवरलोड बेकाबू ट्रक ने बिजली के खंभे उखाड़ दिए और एक ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा प्रदर्शन कर ओवरलोड ट्रकों का आवागमन बंद कराने की मांग की।
शाहपुर बाणगंगा गांव स्थित दौराला मिल के गन्ना क्रय केंद्र से ट्रक गन्ना लेकर बरनावा गांव की आबादी से होकर गुजरते हैं। रात में एक ओवरलोड ट्रक बरनावा से होकर तीव्र गति से होकर गुजरा। इस दौरान ट्रक का ऊपरी हिस्सा विद्युत लाइन में उलझ गया, लेकिन ट्रक चालक ने ट्रक रोकना मुनासिब नहीं समझा, इससे कई खंभे टूट गए। इससे विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान 250 केवीए का ट्रांसफार्मर भी जमीन पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते गांव की एक तिहाई से अधिक आबादी की आपूर्ति ठप हो गई।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने हंगामा प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से ओवरलोड गन्ने के ट्रकों का आवागमन बंद कराने की मांग की है। इस दौरान मनोज त्यागी, भीम सिंह, संजय त्यागी, सतपाल, सुरेश चंद, रामनाथ शर्मा, मुकेश शर्मा, राकेश, इंद्रेश, अनिल आदि रहे।