बड़ौत (बागपत) ।
वाजिदपुर गांव में पूर्व सैनिक के घर पर दो युवकों ने राइफल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से गांव में दहशत फैल गई। परिवार ने इधर-उधर भागकर जान बचाई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग निकला। पुलिस ने युवक से राइफल बरामद की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को सूचना मिली वाजिदपुर गांव में राइफल से दो युवक पूर्व सैनिक वीरेंद्र पुत्र रघुवीर के मकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर रहे हैं। गोलियों की आवाज से गांव में दहशत फैली गई। सूचना पर एसएसआई हेमेंद्र बालियान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो युवक फायरिंग करते हुए भागने लगे, लेकिन पुलिस ने भागते हुए प्रशांत पुत्र सतीश को राइफल सहित दबोच लिया। जबकि उसका साथी राहुल भाग निकला। पुलिस उसे कोतवाली ले गई। पूर्व सैनिक वीरेंद्र ने बताया कि तीन दिन पहले भी आरोपियों ने पूर्व सैनिक ब्रजपाल पुत्र रघुवीर के मकान को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की थी और उन्होंने भागकर जान बचाई थी। इससे उनका परिवार भयभीत है। इस संबंध में एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने बताया कि प्रशांत को हिरासत में ले लिया गया है। राइफल उससे बरामद कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।