बागपत। लुहारी के शराब ठेके के सेल्समैन के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजन एसपी से मिले। बड़ौत पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। चोरी की घटना का भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। हत्याकांड की जांच बदलवाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
बुधवार को लुहारी गांव के लोग पुलिस अधीक्षक दफ्तर पहुंचे। संजीव पुत्र विक्रम सिंह ने एसपी जय प्रकाश को शिकायती पत्र सौंपकर कहा 25 अक्तूबर को उसके चाचा अंग्रेज पाल की शराब के ठेके में गला रेतकर हत्या की। बड़ौत थाने में तीन लोगों को नामजद कर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। आरोपी कभी भी परिवार पर हमला बोल सकते हैं।
एसपी को बताया 15 सितंबर को ठेके में चोरी हुई । उसके चाचा और शराब कंपनी के अधिकारियों ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया, आज तक पुलिस इस घटना का भी खुलासा नहीं कर पाई है। हत्याकांड जांच अन्य किसी अधिकारी या थाना प्रभारी से कराने की मांग की है। पीड़ितों को एसपी जयप्रकाश ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसमें पूर्व जिला पंचायत सदस्य सतीश चौधरी, प्रेमपाल, तेजपाल, वीरेंद्र सिंह, कृष्णपाल सिंह, बाबूराम, तेजपाल, राजीव, पिंटू, राजवीर, चरण सिंह, नवाब, सुधीर, रविंद्र, लाला, सोनू, समे पाल मौजूद रहे।