बागपत। अतिक्रमण हटवाने पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने विरोध करते हुए कहा कि अफसरों ने बगैर नोटिस के कार्रवाई की है। उनकी काफी नोकझोंक हुई। एसडीएम ने कहा कि अभियान जारी रहेगा।
एसडीएम विवेक कुमार यादव के नेतृत्व में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ललित कुमार आर्य ने पुलिस टीम के साथ मिलकर शौकत मार्केट, गांधी बाजार, बड़ा बाजार समेत कई स्थानों पर अतिक्रमण हटवाया। इससे वहां पर अफरा-तफरी मच गई। इसके विरोध में दुकानदार एकत्र हो गए। व्यापारी नेता नंदलाल डोगरा के साथ मिलकर दुकानदारों ने विरोध किया। उनका कहना है कि प्रशासन ने बगैर नोटिस दिए ही अतिक्रमण की कार्रवाई की है। जो पूरी तरह से गलत है। इस मौके पर सुरेंद्र, वर्मा, संजय रूहैला, अमित, मुकेश, नरेंद्र शामिल रहे। उधर एसडीएम का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
एडवोकेट अरविंद, राकेश चौहान, सतेंद्र कुमार शर्मा, जावेद का कहना है कि कोतवाली के सामने अतिक्रमण किया जा रहा है। उनके सामने स्कूल है। वहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है। छुट्टी के समय तो ज्यादा परेशानी होती है। उन्होंने एसडीएम से शिकायत की है।