बड़ौत (बागपत)।
कांशीराम कॉलोनी से लापता आईटीआई के छात्र का गला सड़ा शव कॉलोनी के नजदीक गन्ने के खेत में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों और कॉलोनी के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी के पास दिल्ली-सहारनपुर हाईवे मार्ग अवरुद्ध कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस से नोंक झोंक हुई। करीब एक घंटे बाद जाम खुला।
मृतक सूरज उर्फ धीरज (23) पुत्र सत्यवीर कांशीराम कॉलोनी का रहने वाला था। वह आईटीआई में द्वितीय वर्ष का छात्र था और पार्ट टाइम रंग रोगन का कार्य भी करता था। वह 21 अक्तूबर को भैया दूज के दिन नई बस्ती में प्रात: अपने दोस्तों से मिलने गया , लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। 25 अक्तूबर को उसके पिता ने कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। रविवार की सुबह के समय कॉलोनी के नजदीक गन्ने के खेत में चारा लेने गई एक महिला को गला सड़ा शव दिखाई दिया, तो उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर कॉलोनी के काफी संख्या में लोग उधर दौड़े। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड और पैन कार्ड के आधार पर उसके परिजनों ने उसकी शिनाख्त सूरज उर्फ धीरज के रूप में की। छात्र का शव मिलने से कॉलोनी के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और वे काफी संख्या में औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उसकी भाभी पिंकी सड़क के बीच लेट गई और दिल्ली-सहारनपुर हाईवे मार्ग अवरुद्ध कर दिया। देखते ही देखते दोनों और वाहनों की लंबे कतारें लग गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी हरे राम यादव और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और महिला को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस से उनकी नोंक झोंक हुई। एक घंटे बाद महिला सड़क से हटी और यह मार्ग आवागमन के लिए खुल सका। पुलिस ने दर्ज गुमशुदगी के आधार पर इस मामले को हत्या में तरमीम कर हत्यारों की तलाश में जुट गई है।
नई बस्ती के हो सकते हैं हत्यारे
बड़ौत। नई बस्ती में मृतक धीरज का पैसे के लेन-देन को लेकर कुछ युवकों से विवाद चला आ रहा था और वह जिस दिन घर से गया, उस दिन भी दोस्तों के यहां जाने को कह गया । हत्या का मामला वहीं से जुड़े होने की संभावना पुलिस जता रही है और उसकी मोबाइल की लोकेशन भी नई बस्ती के आसपास ही बताई जा रही है। पुलिस उन लोगों की तलाश में जुटी है। उनके पकड़े जाने पर ही घटना के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी।
परिजन ने पुलिस पर उठाई उंगली
बड़ौत। मृतक धीरज पांच भाई है। वह चौथे नंबर का था। उसकी मां महावीरी की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने पिता के साथ कांशीराम कॉलोनी में रहकर मजदूरी के साथ-साथ आईटीआई में भी पढ़ रहा था। उसकी हत्या के बाद परिवार में उसकी भाभी का रोता बुरा हाल था। वहीं भाभी पिंकी बार-बार पुलिस पर उंगली उठा रही थी कि पुलिस को बार-बार बताए जाने के बाद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
जाम में फंसे लोग रहे परेशान
बड़ौत। एक घंटे तक दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम में फंसे लोग परेशान हो उठे। पुलिस ने वाहनों को अन्य रास्तों से निकाला। जाम खुलने के बाद भी एक घंटे तक पुलिस वाहनों को निकालने में जुटी रही। दो घंटे बाद यह हाईवे मार्ग पूरी तरह से आवागमन के लिए खुल सका।
चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई
बड़ौत। सूरज उर्फ धीरज के भाई मनोज पुत्र सतबीर ने चार लोगों को नामजद कराकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही इस हत्या का खुलासा होने की संभावना है।