बड़ौत (बागपत)।
तितरौदा गांव के एक युवक ने एसडीएम को लिखित शिकायत की कि उसकी पत्नी को उसी की बहन ने ढाई महीने से ऋषिकेश में बंधक बनाया । इस पर एसडीएम ने वारंट जारी कर सिंघावली अहीर पुलिस को उसे अपनी अदालत में पेश करने के निर्देश दिए। पुलिस ने महिला को एसडीएम के समक्ष पेश किया, लेकिन महिला ने अपने पति के साथ रहने को मना कर दिया। एसडीएम ने महिला को उसके परिजनों को सौंप दिया।
नवीन कुमार निवासी तितरौदा की शादी ढाई साल पहले देहरादून निवासी काजल के साथ हुई । अब उसके एक बच्चा भी है। ढाई माह पहले उसकी बहन ज्योति उसे अपने साथ ऋषिकेश ले गई और वह वहीं रह रही है। नवीन के काफी प्रयास करने पर भी वह उसे नहीं भेज रही थी। इस पर नवीन कुमार ने एसडीएम न्यायालय में शिकायत की कि उसकी पत्नी को उसकी ही बहन ने बंधक बनाया हुआ है। इस पर एसडीएम ने सीपीआरसी की धारा 97 के तहत वारंट जारी कर सिंघावली अहीर थाना पुलिस को 16 नवंबर को अपनी अदालत में महिला को पेश करने के निर्देश दिए थे।
कोर्ट के आदेश पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने काजल को एसडीएम न्यायालय में पेश किया। उसके साथ उसकी बहन ज्योति और मां बीना भी मौजूद रही। काजल ने एसडीएम के समक्ष बयान दिए कि उसका पति नवीन उसे तंग करता है। अब वह उसके साथ नहीं रहेगी और अपनी बहन और मां के साथ रहेगी। उसके बयान के आधार पर बालिग होने के नाते उसे उसकी बहन और मां को सौंप दिया। महिला के बयान के बाद पति ठगा सा रह गया।