बड़ौत (बागपत)।
शामली से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में सोमवार को सीट पर बैठने को लेकर दो युवक गुटों में जमकर मारपीट हुई। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने भाग रहे युवकों को दबोचा। हालांकि बाद मेें युवकों के परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने आरोपियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
शामली से दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर 51910 जैसे ही बावली हाल्ट से रवाना हुई। ट्रेन में सवार दो युवक गुटों में सीट पर बैठने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते युवकों ने एक-दूसरे पर लात - घुसे और बेल्टों से हमला बोल दिया। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने जीआरपी को फोन पर इसकी सूचना दी। सूचना पर जीआरपी एसएसआई सत्यवीर सिंह पुलिस बल के साथ बड़ौत रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। ट्रेन जैसे ही बड़ौत रेलवे स्टेशन पर रुकी तो जीआरपी को देखकर युवक दूसरी खिड़की से भाग निकले। उन्हें पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके। इस दौरान कुछ युवक पकड़ लिए। इस संबंध में जीआरपी एसएसआई सत्यवीर ने कहा मारपीट जैसी कोई घटना नहीं थी। कभी-कभार सीट को लेकर कहासुनी हो जाती है। युवकों को परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने आरोपियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।