दोघट (बागपत)। कस्बा टीकरी की राहुल उर्फ विक्की की लूट के विरोध पर गोली मारकर हत्या करने के मामले में भाई ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। एएसपी ने घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस को घटना स्थल से चांदी की चेन, शर्ट, चप्पल व चादर बरामद हुई। डॉग स्क्वायड एवं सर्विलांस टीम के साथ पुलिस ने जंगल में कांबिंग कर बदमाशों की तलाश की। खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें लगी है। अफसरों का दावा है कि जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।
टीकरी कस्बे के जंगल में शनिवार को शाम के समय दो बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर राहुल उर्फ विक्की पुत्र खुशीराम की गोली मारकर हत्या कर दी। उसका अर्जुन पुत्र सोमपाल दहशत में बेहोश गया। इस मामले में मृतक के भाई अंकित ने अज्ञात दो बदमाशों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। रविवार को एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पुलिस को घटना स्थल से चादर, शर्ट, चांदी की चेन, एक चप्पल बरामद हुई। डॉग स्क्वार्ड, क्राइम ब्रांच व सर्विलांस टीम ने बदमाशों की तलाश में जंगल में घंटों कांबिंग की, लेकिन पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी। एएसपी ने बताया कि सीओ खेकड़ा आरपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमें गठित कर खुलासे के लिए लगाई गई है। कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया
दोघट (बागपत)। कस्बा टीकरी में रविवार की सुबह मृतक राहुल उर्फ विक्की का शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरा कस्बा शोक में डूब गया। घर पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। गमगीन माहौल में परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। घटना से हर कोई दुखी दिखाई दिया। मृतक राहुल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़ा भाई विकास दिल्ली पुलिस में है। उससे छोटा अंकित आर्मी में है। उसकी मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।