कुरैशियान में पुलिस ने अवैध पशु कटान पकड़ा
बागपत। शहर के कुरैशियान मोहल्ले में अवैध रूप से चल रहे मिनी कमेले पर पुलिस ने छापा मारकर अवैध पशु कटान होते हुए पकड़ा। छापेमारी की भनक लगते ही चार आरोपी भाग निकले, जबकि एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शहर में दुकानों पर मीट की सप्लाई करते थे। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार को शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि कुरैशियान मोहल्ले में अवैध रूप से पशुओं का कटान किया जा रहा है। कोतवाल ने पुलिस टीम के साथ हाजी सत्तार के घेर में छापा मारा तो वहां पर अवैध पशु कटान होता मिला। पशु कटान कर रहे लोग पुलिस की भनक लगते ही भागने लगे। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि चार आरोपी पुलिस के सामने से भाग निकले। पुलिस को मौके से साढ़े चार क्विंटल मीट, दो बुगदे, तीन छुरे, दो सुएं, दो इलेक्ट्रानिक कांटे, दो कार बरामद हुई। पशुओं के सिर, पूंछ, खाल और अन्य अवशेष भी मिले। पुलिस ने फुरकान, अकील, खलील निवासी मोहल्ला कुरैशियान, दिलशाद, मोहम्मद निवासी मोहल्ला केतीपुरा के खिलाफ कोतवाली में धारा 270, 273 आईपीसी एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि अवैध कटान की शिकायत मिली थी। दो जगह कटान की सूचना के बाद मिली। लेकिन एक जगह ही कटान मिला। चार आरोपी भाग निकले। उन्हें जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कोतवाली क्षेत्र में किसी भी हालत में पशु कटान नहीं होने दिया जाएगा।
---------------------
बीमार और कमजोर पशुओं का मांस कर रहे थे सप्लाई
बागपत। पकड़े गए आरोपी फुरकान ने पुलिस को बताया कि शहर में मीट की दुकानों पर मांस को सप्लाई करते थे। बीमार व कमजोर पशुओं को सस्ते दामों में खरीदकर कटान करते थे और मीट को महंगे दामों में दुकानों पर बेचते थे। पुलिस फरार हुए चारों आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही है, लेकिन अभी तक वे हाथ नहीं लग सके।
-------------------
पकड़ा गया मीट था दूषित
बागपत। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर पकड़े गए मीट की जांच की। उन्होने बताया कि मीट पूरी तरह से दूषित था। मीट पर मक्खियां मंडरा रही थी। गंदगी में मीट पड़ा हुआ था। इसका सेवन करने वाले बीमार हो सकते थे। उन्होने यह भी बताया कि जिले में चल रही मीट की दुकानों पर अभियान चलाकर मीट की जांच कराई जाएगी। अवैध रूप से चल रही दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-------------------
हिंदू संगठनों ने कई बार उठाया सवाल
बागपत। शहर में कई स्थानों पर अवैध रूप से मिनी कमेले चलने की शिकायत की गई थी। अधिकारियों को बताया गया था कि कमेलों में गोवंश से लेकर ऊंट, भैंस, कटरों का कटान किया जाता है। भगवा सेना के जिलाध्यक्ष सुनील चौहान का कहना है कि कई जगह अवैध पशु कटान का कारोबार चल रहा है।
----------------
अवैध पशु कटान करने वालों पर होगी कार्रवाई
बागपत। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि अवैध रूप से पशु कटान करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनपद में किसी भी हालत में अवैध कटान नहीं होने दिया जाएगा। सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि उनके क्षेत्र में अवैध कटान मिलता है तो कार्रवाई की जाए।