बागपत। धनौरा सिल्वर नगर गांव के गौरव राणा हत्याकांड में पुलिस फरार आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। पीड़ित परिवार के सदस्यों ने एसपी दफ्तर में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा आरोपी गांव के जंगल में शरण लिए हुए है। इससे पीड़ित परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।
धनौरा सिल्वर नगर गांव के जंगल में 22 अगस्त की रात में गौरव राणा पुत्र आनंद की गला रेत कर हत्या की। पिता आनंद ने गांव के ही ऋषि, निशांत, अजयपाल, पारूल के खिलाफ बिनौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी पारूल न्यायालय में आत्म समर्पण कर जेल चला गया। जबकि तीन आरोपी अभी भी फरार है। मृतक के परिजनों ने बताया कि पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। तीनों आरोपी गांव के जंगल में शरण लिए हुए हैं। शाम होते ही आरोपी अपने घर आ जाते हैं। एक सप्ताह पूर्व आरोपियों ने मृतक गौरव के मकान पर फायरिंग भी की। इस संबंध में परिजनों ने तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि गौरव की हत्या सात लाख रुपये की सुपारी देकर कराई । एक साल पहले मृतक गौरव के बड़े भाई अंकित की भी हत्या की। उसका शव खेत में फांसी पर लटकाया। आरोपियों के डर से पीड़ित परिवार ने खेत में भी जाना बंद कर दिया। खेती के अलावा उनके पास कमाई का कोई साधन नहीं है। आरोपी कभी भी उनकी हत्या कर सकते हैं। उन्होंने एसपी से आरोपियों की गिरफ्तारी एवं पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। प्रदर्शन में आनंद, अशोक, योगेंद्र, रणवीर, बिंदर, वीरेंद्र, घनश्याम, नेकपाल, देशपाल उर्फ प्रधान, मोहन, संतोष, रूपा, खुशबू, सीमा, पूजा आदि हे।
पैरोकार और गवाह को जान का खतरा
पुरा गांव का तिहरा हत्याकांड का मामला
बागपत। मेरठ जनपद करनावल गांव निवासी मंजीत पुत्र मांगेराम ने एसपी शैलेश कुमार पांडेय को प्रार्थना पत्र देकर बताया 26 जून 2016 को बालैनी थाना क्षेत्र के पुरा गांव में उसके बहनोई धीरज की उसके ही सगे भाइयों ने गोली मारकर हत्या की। इसका मुकदमा बालैनी थाने में दर्ज है। मृतक धीरज की पत्नी बबीता मुकदमे की पैरवी कर रही थी। 20 जुलाई 2017 को आरोपियों ने बबीता व उसकी मां कृष्णा की भी गोली मारकर हत्या की। मृतक धीरज का ढाई साल का इकलौता बेटा कुंज है। इस मुकदमे की पैरवी मृतक धीरज का रिश्तेदार हरेंद्र निवासी भाजू जनपद शामली कर रहे हैं। आरोपी पैरोकार को फैसला न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। कचहरी में पेशी के दौरान भी उन्हें धमकी दी जाती है। इससे पैरोकार और गवाह को जान का खतरा बना है। एसपी से सुरक्षा की मांग की। एसपी ने आश्वासन दिया कि पैरोकार व गवाह की सुरक्षा दी जाएगी।