बिनौली (बागपत)। मेन बाजार में किराना दुकान के शटर के ताले तोड़कर चोर हजारों की नगदी सहित लाखों का सामान चुराकर ले गए। गुस्साए व्यापारियों ने थाना प्रभारी का घेराव कर चोरी का खुलासा करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
गजेंद्र धामा उर्फ कुकी पुत्र ओंकार सिंह निवासी बिनौली की मेन बाजार में किराना की दुकान है। शनिवार रात्रि आठ बजे वह दुकान बंद कर घर गया। रात्रि में चोरों ने दुकान के शटर के ताले तोड़कर गल्ले में रखी करीब 60 हजार की नकदी, बादाम, किशमिश, पिस्ता, काजू, छुआरा, दाल, चीनी, चावल अन्य सहित लाखों का सामान चोरी किया। दुकान के ताले टूटने की सूचना पर पहुंचे गजेंद्र धामा ने दुकान का शटर उठाकर देखा तो चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। मेन बाजार में चोरी से व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट का घेराव कर चोरी का शीघ्र ही खुलासा करने और रात्रि में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। इसमें सोहनवीर सिंह, विनय धामा, सुनील धामा, पंकज, मनोज जैन, राजू, अजय धामा, हुकम चंद, महेश आदि रहे।