दहेज उत्पीड़न के मामले में ससुराल वालों से बातचीत करने आया युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। दौराला पुलिस के साथ परिजन बागपत कोतवाली पहुंचे और युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों ने उसके ससुरालियों पर उसे गायब करने का आरोप लगाया है।
मेरठ जनपद के दौराला थाना क्षेत्र के लोइया गांव निवासी अजीम (24) पुत्र इखलाक का निकाह छह साल पहले आयशा निवासी गायत्रीपुरम बागपत के साथ हुआ । मन मुटाव के चलते पत्नी अपने मायके चली आई । मां आशमा ने बताया कि ससुराल वालों ने उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर महिला थाना बागपत में तहरीर दी हुई। सोमवार को महिला थाने में दोनों पक्षों को बुलाया। अजीम भी महिला थाने पहुंचा। पुलिस ने इस मामले में अगली तिथि 6 जुलाई रखी थी। वह महिला थाने से चला गया, लेकिन घर वापस नहीं लौटा। महिला थाने के बाद एक युवक को उसका मोबाइल फोन पड़ा मिला। उसने फोन से नंबर निकाल कर उसके भाई नाजिम को जानकारी दी कि तुम्हारा मोबाइल बागपत में पड़ा मिला है। तुम इसे आकर ले जाओ। परिजनों ने दौराला थाने पहुंचकर ससुराल वालों पर युवक को गायब करने का आरोप लगाकर तहरीर दी। दौराला पुलिस मंगलवार को युवक के परिजनों को लेकर बागपत कोतवाली पहुंची और मामले की जानकारी दी। मां आशमा ने कोतवाली में भाई ने गुमशुदगी दर्ज कराई है। एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधु ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज करा ली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।