बड़ौत (बागपत)। करीमपुर प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को सुबह के समय करंट उतरने से हड़कंप मच गया। शिक्षकों और बच्चों ने विद्यालय से बाहर निकालकर अपनी जान बचाई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
गांव करीमपुर में स्थित प्राथमिक विद्यालय में 100 बच्चे पंजीकृत हैं। विद्यालय की दीवार से जहां विद्युत पोल सटा है, वहीं विद्यालय की छतों से टच होकर विद्युत लाइन गुजरी हुई है। आए दिन विद्युत में करंट उतरने से बच्चों पर मौत का खतरा मंडराता रहता है, लेकिन ग्राम प्रधान नीरज सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
बुधवार को भी विद्यालय मेें अचानक करंट उतर आया। शिक्षकों और बच्चों ने भागकर जान बचाई। सूचना पर पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान नीरज के नेतृत्व में ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान नीरज ने कहा विद्यालय की छत से विद्युत लाइन गिरकर गुजरी हुई है, विद्यालय की दीवार से विद्युत पोल भी सटा हुआ है, कई बार विद्युत पोल और छतों से विद्युत लाइन हटवाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा बारिश के मौसम मेें विद्यालय के भवन में करंट उतरने का खतरा ओर भी बढ़ जाता है। इनमें रामनिवास, इकबाल, हरेंद्र, सुभाष, प्रमोद, अंकुर, धर्मेंद्र, अनिल, प्रताप, भगत सिंह, साधुराम आदि रहे। इस संबंध में एक्सईएन प्रथम अजय कुमार ने कहा पूर्व मेें शिकायत मिली थी। जल्द ही विद्यालय के ऊपर से तार हटवा दिएं जाएंगे।