छात्रा से छेड़छाड, फोटो नेट पर अपलोड किया
बागपत। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की बीए की छात्रा को गांव के ही चार युवक कालेज आते-जाते समय रास्ते में स्टेशन और ट्रेन में परेशान करते है। उसके साथ छेड़छाड़ करते है। आरोपियों ने उसके फोटो नेट पर अपलोड़ कर दिए हैं। इस मामले में आरोपी युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
छात्रा के पिता ने बताया कि उसकी बेटी बीए में बड़ौत में पढ़ती है। उस पर गांव के ही चार युवक गलत तरीके से कमेंट करते है। बेटी ट्रेन से कालेज जाती है। उसके साथ स्टेशन और ट्रेन में छेड़छाड़ करते है। नौ जुलाई को बेटी स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी एक युवक ने उसके पर्स में अपना मोबाइल नंबर लिखा कागज डाल दिया। विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता की। आरोपियों ने बेटी के फोटो नेट पर अपलोड कर दिए है। उसकी तहरीर पर आरोपी सन्नी, सुधीर, सचिन और अर्जुन के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
उधर, कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की छात्रा से एक युवक ने दुष्कर्म किया था। उसके तीन साथियों ने उसकी अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दी थी। पता चलने पर आरोपियों ने पीड़ित परिवार को धमकी दी थी कि पुलिस के पास गए तो जान से मार दिया जाएगा। इसको लेकर काफी हंगामा हुआ था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपी को पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से उनको जेल भेज दिया गया है। एक आरोपी फरार चल रहा है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।