बागपत। बिनौली थाना पुलिस ने नौ गो तस्करों को गिरफ्तार कर बरनावा के जंगल में तीन दिन पहले हुई गोकशी की घटना का खुलासा किया। आरोपियों ने छह आवारा गोवंशीय पशुओं का कटान किया। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उन्हें जेल भेजा।
एएसपी रण विजय सिंह ने बताया कि 24 जून को बरनावा गांव के जंगल में छह गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले । पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया । पुलिस विवेचना में गो तस्कर अब्दुल्ला , सत्तार कुरैशी, इरशाद, शहजाद , गुलजार , सादिक , खुर्शेद , असरफ निवासी बरनावा के नाम प्रकाश में आए। मंगलवार रात पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ के बाद एएसपी ने बताया कि बेसहारा गोवंशीय पशुओं को इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर गाड़ी में डालकर ले जाते है और जंगल में उसका कटान करते थे। मांस को मेरठ क्षेत्र में बेचते थे। आरोपी सत्तार व असरफ पर वर्ष 2009 में भी गोकशी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा । आरोपियों के आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। एएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों को गैंगस्टर में भी निरुद्ध किया जाएगा।