अमीनगर सराय (बागपत)। सिंघावली अहीर क्षेत्र के चिरचिटा गांव में लापता हिस्ट्रीशीटर के मकान पर फायरिंग करने के मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत आठ युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। वहीं भाई की तहरीर पर पुलिस ने लापता हिस्ट्रीशीटर के अपहरण का भी मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। गांव में घटना के बाद से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पीड़ित के मकान पर पुलिस तैनात कर दी गई।
चिरचिटा गांव के किसान इमरत का 30 वर्षीय बेटा कृष्ण 20 मई को लूट के मामले में कचहरी में तारीख पर आया। उसके साथ गांव के ही अनुज, मंगल व यशवीर भी तारीख पर आए। उसी दिन से कृष्ण लापता है। परिजनों ने अनुज से उसके बारे में जानकारी ली तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। परिजनों ने तीनों युवकों पर उसे गायब करने का शक जताया । लापता कृष्ण व आरोपी यशवीर सिंघावली अहीर थाने के हिस्ट्रीशीटर है। सोमवार रात साढ़े आठ बजे के लगभग आरोपी पक्ष के लोगों ने लापता कृष्ण के घर पर फायरिंग की । उसके तेहरे भाई ओमपाल व परिवार के सदस्यों ने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। हमलावरों ने 20 राउंड फायर किए। गोलियों की आवाज सुनकर कई लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद किए।
सूचना मिलते ही एएसपी रण विजय सिंह फोर्स के साथ गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली। तेहरे भाई ओमपाल की तहरीर पर सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर यशवीर पुत्र तिलकराम, अनुज पुत्र ओमदास, मंगल पुत्र रिछपाल, सोनू पुत्र धनपाल, सचिन पुत्र रामपाल, सुखवीर पुत्र भगीरथ, पप्पू पुत्र खचेडू, तनुज पुत्र सतपाल निसासी चिरचिटा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं लापता हिस्ट्रीशीटर कृष्ण के भाई रतन ने अनुज, मंगल, यशवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना के बाद से दोनों पक्षों में तनावपूर्ण स्थिति बनीहै। एएसपी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद है। फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात की गई है।
तेड़ा चौकी इंचार्ज की जांच
अमीनगर सराय। एएसपी नेे बताया कि चिरचिटा में हुई फायरिंग की घटना तेड़ा चौकी इंचार्ज की लापरवाही से हुई है। उसे दोनों पक्षों के बीच चल रही तनातनी के बारे में पहले से ही पता था। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों में चल रही तनातनी
अमीनगर सराय। पुलिस ने बताया कि चिरचिटा गांव में हिस्ट्रीशीटर कृष्ण व यशवीर के बीच दोस्ती थी, लेकिन कई माह से उनके बीच वर्चस्व को लेकर तनातनी चली आ रही थी। इसी बीच कृष्ण अचानक लापता हो गया। परिजनों ने यशवीर पक्ष पर उसे गायब करने का आरोप लगाया। इसी को लेकर सोमवार की रात यशवीर पक्ष ने कृष्ण के घर पर फायरिंग की।