कपड़ा व्यापारी से मोबाइल, बाइक और नगदी लूटी
बागपत। बंदपुर-सुन्हैड़ा मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी से हजारों की नगदी, मोबाइल और बाइक लूट ली। विरोध करने पर लौहे की रॉड से मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर रात्रि में पहुंची पुलिस ने जंगल में कांबिंग कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पीड़ित नेे अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी।
कोतवाली थाना क्षेत्र के हरचंदपुर गांव निवासी फिरोज खान ने बताया कि उसकी दिल्ली के जाफराबाद में जींस की फैक्ट्री है। बृहस्पतिवार रात 10 बजे के लगभग दिल्ली से बाइक पर घर लौट रहा था। जब वह बंदपुर-सुन्हैड़ा मार्ग पर पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोक लिया। उससे 50 हजार रुपये की नगदी, दो मोबाइल और बाइक लूट ली। विरोध करने पर लोहे की रॉड से मारपीट कर घायल कर दिया। बदमाश मारने की धमकी देकर भाग निकले। सूचना पर रात में पुलिस पहुंची और जंगल में कांबिंग कर बदमाशों की तलाश की। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। सीओ सिटी ओमपाल सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।