बागपत। धनौरा सिल्वरनगर गांव के सतपाल की हत्या में जेल में बंद आरोपी मां-बेटी की पैरवी कर रही महिला को हत्या की धमकी मिली है। पीड़िता के भाई की भी हत्या कर दी गई थी। जिला कारागार से तारीख पर कचहरी आए मृतक के भतीजे पर धमकी देने का आरोप लगाया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
शामली जनपद के भनैड़ा गांव निवासी रूपा पत्नी खड़क सिंह ने बताया कि 20 अप्रैल को बिनौली थाना क्षेत्र के धनौरा सिल्वरनगर गांव में सतपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या में उसकी मां मोहन देवी, बहन खुशबू व पिता आनंद राणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी मां व बहन मेरठ जेल में बंद है। उसका कहना है कि उसके परिवार को झूठा फंसाया गया है। मंगलवार को मुकदमे की तारीख थी। वह कचहरी में आई थी। इसी समय जिला कारागार में बंद मृतक सतपाल का भतीजा पारुल पुलिस अभिरक्षा में आया। उसने आते ही उसे परिवार सहित मारने की धमकी दी। पुलिस के सामने उस पर हमला करने का प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह उसके काबू किया। उसने बताया कि 23 अगस्त 2018 में पारुल ने उसके भाई गौरव की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में वह जिला कारागार में बंद है। उसने कचहरी पुलिस चौकी पर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ ओमपाल सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।