बड़ौत (बागपत)।
आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की टीम ने टांडा-लूंब मार्ग पर अवैध रूप से बिना किसी लाइसेंस के चलाए जा रहे पेट्रोल पंप पर छापा मारा। वहां सेल्समैन मिला। टैंक में कितना पेट्रोल है, अभी तक आंका नहीं गया है, जबकि फुटकर में रखे पेट्रोल को सुपुर्दगी में ले लिया है, उसके नमूने भी लिए हैं। इस मामले में थाना छपरौली में एक महिला सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
मंगलवार को बागपत तहसील दिवस में शिकायत मिली की कि टांडा लूंब मार्ग पर अवैध रूप से पेट्रोल पंप चलाया जा रहा है और इससे जो पेट्रोल दिया जाता है, वह मिलावटी है। इससे क्षेत्रीय लोगों की बाइकें भी खराब हो रही है। इस शिकायत पर डीएम ने मंगलवार को बड़ौत पूर्ति निरीक्षक राहुल पटेल, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सूर्यप्रकाश, आपूर्ति लिपिक गगन और छपरौली पुलिस को जांच को भेजा। पंप पर संजीव नाम सेल्समैन वाहनों में पेट्रोल डाल रहा था। जांच करने पर वहां पेट्रोल पंप स्वीकृति के कोई कागजात नहीं मिले। टीम ने जांच के लिए पेट्रोल के पेट्रोल व डीजल के नमूने भरे। टीम ने पेट्रोल पंप को सीज कर दिया । जो खुदरा पेट्रोल था, उसे सुपुर्दगी में लिया। दूसरी तरफ पूर्ति निरीक्षक राहुल पटेल ने बताया डीएम के निर्देश पर पंप की जांच की। उन्होंने बताया कि सेल्समैन ने पेट्रोल पंप अंजू निवासी मुजफ्फरनगर का बताया है, लेकिन पूरे तौर पर मालिक की जानकारी नहीं हुई। लाइसेंस के कागजात देखने के बाद ही असली जानकारी हो सकेगी। उन्होंने छपरौली थाने में मुजफ्फरनगर की अंजू सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ बिना कागज पेट्रोल पंप चलाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि टीम ने पंप सेे पेट्रोल व डीजल के नमूने लेकर जांच को भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई होगी।