बागपत। शहर के पुराना कस्बे में 15 दिन पहले पकड़े गए तीन मिनी कमेलों के मामले में एएसपी रणविजय सिंह ने जांच शुरू कर दी। सात लोगों के बयान दर्ज किए । पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इस मामले में फरार नामजद आरोपी को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
उल्लेखनीय है कि दो जून को सीओ सिटी ओमपाल सिंह ने फोर्स के साथ पुराना कस्बा में छापेमारी कर तीन मिनी कमेलों को पकड़ा । आरोपी कमेलों पर ताले लगाकर भाग निकले । मिनी कमेलों से 70-80 पशुओं के अवशेष मिलने की बात पुलिस कह रही है। पुलिस ने ईनाम, सलमान, कल्लू, नईम और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया । पुलिस ने आरोपी ईनाम, सलमान और कल्लू को गिरफ्तार किया। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पूरे प्रकरण की जांच एएसपी रणविजय सिंह को सौंपी। एएसपी ने जांच शुरू कर दी है। एएसपी ने बताया कि शिकायत करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। फरार नामजद आरोपी को भी जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं अज्ञात आरोपियों की पहचान कराई जा रही है।