बड़ौत (बागपत)। लोयन मलकपुर गांव के जंगल में अपने चाचा के साथ घूमने गए युवक की ट्यूबवेल पर एलटी के टूटे तार के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इसे लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतक रवि 18 वर्ष पुत्र सहदेव सिंह सैनी लोयन मलकपुर गांव का रहने वाला है। वह शनिवार की सुबह अपने चाचा किरणपाल के साथ खेत में घूमने जा रहा था। प्यास लगने पर वह गांव में संजीव की ट्यूबवैल पर गया जहां पहले से जर्जर एलटी का तार टूटा था। उसके पैर तार से उलझ गए और करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। चाचा किरणपाल ने उसे अलग करने का प्रयास भी किया, लेकिन करंट लगने से वह दूर हट गए।
सूचना मिलने पर गांव के लोग वहां पर पहुंचे और विद्युत विभाग के खिलाफ हंगामा किया। उनका कहना था कि यहां से एलटी की लाइन जर्जर है, आए दिन टूट रहे हैं, लेकिन शिकायत पर भी जेई अनदेखी कर रहा है और तार टूटने से रवि की मौत हुई है। इस संबंध मेें पिता सहदेव ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हंगामा करने वालों में पूर्व प्रधान अनिरुद्ध, तेजवीर, विक्की, नीटू, डॉ. बबलू, चैनपाल, अशोक, महिपाल, संजय आदि शामिल रहे।