अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। कस्बे में रेलवे फाटक पर कुछ युवकों ने एक युवक की बाइक चोर समझ कर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को चौकी पर ले गई। बाद में मारपीट करने वाले युवकों ने अपनी गलती मान ली और उनमें समझौता हो गया।
बृहस्पतिवार की दोपहर रेलवे फाटक के पास दो बाइक खड़ी थी। बसा टीकरी गांव निवासी इदरीश ने अपनी बाइक समझकर पास में खड़ी बुढेड़ा गांव निवासी प्रवीण की बाइक में चाबी लगाकर लॉक खोलने लगा। काफी देर तक जब लॉक नहीं खुला तो प्रवीण ने समझा कि वह बाइक चोरी कर रहा है। उसने शोर मचा दिया। वहां खड़े लोगों ने इदरीश को पकड़ लिया और चोर समझ कर उसकी धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले गई। दोनों पक्षों ने अपनी गलती मानकर समझौता कर लिया। चौकी प्रभारी शिव शंकर ने बताया कि गलती से दूसरी बाइक में चाबी लगा दी थी। जिस पर लोगों ने चोर समझ कर युवक की पिटाई कर दी। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।