बागपत। दहेज मेें ओडी कार नहीं मिलने पर ससुरालियों ने मायके में रह रही महिला पर जानलेवा हमला किया। शोर मचने पर आरोपी भागने में सफल रहे । महिला के पिता ने पति समेत पांच के खिलाफ तहरीर दी।
अर्जुन पुरम कॉलोनी बागपत निवासी बिजेंद्र सिंह ने तहरीर में बताया कि उसकी बेटी प्रीति सिंह की शादी 31 अक्तूबर 2017 को हरियाणा के गुरूग्राम निवासी मयंक सिंह से हुई । शादी में उसने 50 लाख रुपये खर्च किया । ससुराल वाले दान दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और उसकी बेटी को प्रताड़ित करने लगे। कई बार उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। दहेज में ओडी कार की मांग कर रहे हैं। 27 फरवरी को ससुरालियों ने प्रीति को कमरे में बंद कर गले में चुन्नी का फंदा लगाकर मारने की भी कोशिश की। उन्होंने ससुरालियों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और ओडी कार की मांग पर अड़े रहे। दो मार्च को बेटी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। अब वह मायके में रह रही है। दो जून को बेटी घर पर अकेली थी। इसी समय पति, सास, ससुर, ननद, ननदोई बागपत आए और उस पर जानलेवा हमला किया। इसमें वह घायल हो गई। शोर शराबा होने पर हमलावर भागने में सफल रहे । उन्होंने पांचों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है।