बागपत। शहर के पुराना कस्बे में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से चल रहे तीन मिनी कमेले पकड़े। कमेलों से 70-80 के लगभग पशुओं के अवशेष मिले। पुलिस की छापामारी से पशु कटान करने वालों में अफरातफरी मच गई। आरोपी कमेलों पर ताले लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने तीनों मिनी कमेलों को सील कर दिया। आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सीओ सिटी ओमपाल सिंह को रविवार की सुबह सूचना मिली की कि पुराने कस्बे में अवैध रूप से पशुओं का कटान किया जा रहा है। सीओ ने फोर्स के साथ छापेमारी की। कस्बे में तीन मिनी कमेले चलते मिले। पुलिस की छापामारी से पशु कटान करने वाले लोगों में अफरा तफरी मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी कमेलों पर ताले लगाकर फरार हो गए। पुलिस को 70-80 पशुओं के सिर, पूंछ, खाल एवं अन्य अवशेष मिले। पशुधन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर अवशेषों की जांच की। जांच में अवशेष 20 से 25 दिन पुराने बताए गए। इसके अलावा कुछ अवशेष ताजा भी पड़े मिले। अवशेषों का ढेर देखकर हिंदू संगठन के लोगों ने पुराना कस्बा पुलिस चौकी पर पहुंचकर हंगामा किया।
पुलिस ने तीनों मिनी कमेलों पर अपने ताले लगाकर सील कर दिया। आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मिनी कमेले चलाने वाले तीन लोगों के नाम प्रकाश में आए हैै। पुलिस कमेला संचालकों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं कराया। सीओ ओमपाल ने बताया कि पुराने कस्बे में अवैध पशु कटान की सूचना मिली थी। छापेमारी की गई तो तीन जगह मिनी कमेले पकड़े गए। कमेलों से पशुओं के अवशेष मिले हैं, जो कई दिन पुराने लग रहे थे। मिनी कमेले कौन चला रहा था, पुलिस उनका पता लगाने में जुटी हुई है। तीनों मिनी कमेलों को सील कर दिया गया।
चौकी से पांच सौ मीटर दूर चलते मिले कमेले
बागपत। पुराना कस्बा चौकी से 500 मीटर की दूर पर मिनी कमेले चलते मिले। हिंदू संगठनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया।
कमेले में गोवंशीय पशु के अवशेष मिले
बागपत। पुराने कस्बे में पकड़े गए मिनी कमेले पर एक गोवंशीय पशु के भी अवशेष मिले हैं। इससे साफ है कि मिनी कमेलों में गोवंशीय पशुओं का भी कटान किया जा रहा है। विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष सुनील चौहान, अमित चौहान, विहिप के विक्की चौहान, बजरंग दल के सुनील मुखिया, मनोज, आकाश आदि ने पुराना कस्बे में चल रहे मिनी कमेले के विरोध में हंगामा किया। उनका कहना था कि शहर में कई स्थानों पर अवैध रूप से मिनी कमेले चल रहे हैं। इसमें गोवंश से लेकर ऊंट, भैंस, कटरों का कटान किया जाता है। मीट की दुकानों को बंद कराया जाए।
गोकशी व अवैध पशु कटान की लखनऊ तक गूंज
बागपत। जिले में गोकशी एवं अवैध पशु कटान का मामला लखनऊ तक गूंज रहा है। भाजपा कार्यकर्ता एवं हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फैक्स भेजकर शिकायत की है। भाजपा युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष सुधारस चौहान ने बताया कि पुलिस की अनदेखी के कारण अवैध पशु कटान चल रहा था। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही थी।
अवैध पशु कटान करने वालों पर होगी कार्रवाई
बागपत। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि अवैध रूप से पशु कटान करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनपद में किसी भी हालत में अवैध कटान नहीं होने दिया जाएगा। सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि उनके क्षेत्र में अवैध कटान मिलता है तो कार्रवाई की जाए।
दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बागपत। पुराना कस्बे में अवैध रूप से चल रहे मिनी कमेलों के मामले में एसआई करनवीर ने नईम, ईनाम, कल्लू, शाहरुख निवासी पुराना कस्बा बागपत व 5-6 अज्ञात के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम एवं गोवध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली।