ग्रामीण ने ऋण की वसूली के लिए मवी कलां गांव में पहुंचे साधन सहकारी समिति खेकड़ा के सचिव और उनके सहायक की पिटाई कर दी। साथ ही धमकी दी कि यदि दोबारा वसूली करने आए तो जान से मार देंगे। सचिव ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।
साधन सहकारी समिति, खेकड़ा के सचिव नेपाल सिंह ने बताया कि मवी कलां गांव के एक किसान ने तीन साल पहले समिति से किसान क्रेडिट कार्ड पर तीन लाख रुपये का ऋण लिया । अब किसान की मौत हो गई है। उसका बेटा ऋण देने से इंकार कर रहा है। बृहस्पतिवार को सचिव अपने सहयोगी प्रदीप कुमार के साथ किसान के घर ऋण वसूलने जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में किसान का बेटा मिला। उसने दोनों पर हमला बोल दिया। गाली गलौज की और लात घूसों से उनकी पिटाई की। धमकी दी कि यदि दोबारा ऋण की वसूली करने आए तो जान से मार देंगे। सचिव ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।