दोघट (बागपत)। हिम्मतपुर सूजती गांव के युवक की महाराष्ट्र के एक जिले में कोल्हू के कढ़ाव में गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के एक युवक पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी। परिजन युवक के शव को लेने के लिए महाराष्ट्र गए हैं।
हिम्मतपुर सूजती गांव निवासी कल्लू (22) पुत्र बाल सिंह कोल्हू में गुड़ बनाने का काम करता था। एक जून को पड़ोसी पिंकू पुत्र जसवंत उसे महाराष्ट्र में कोल्हू चलाने के लिए लेकर गया था। सोमवार की शाम परिजनों को सूचना मिली कि कल्लू की कोल्हू के कढ़ाव में गिरने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पिता बाल सिंह ने थाने पर पड़ोसी युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पिता ने बताया कि पिंकू ने पुरानी रंजिश के चलते कल्लू की कढ़ाव में फेंक कर हत्या कर दी। परिजन युवक का शव लेने के लिए महाराष्ट्र गए हुए हैं। इस संबंध में एसओ चितवन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।