बिनौली (बागपत)।
मुकीमपुरा गांव में सांड़ के हमले से घायल सत्तर वर्षीय वृद्ध ने दम तोड़ दिया। सांड़ के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को गांव में पंचायत कर डीएम से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने और सांड़ से निजात दिलाने की मांग की। इस संबंध में ग्रामीण डीएम से मिलेंगे।
मुकीमपुरा गांव में विगत एक माह से सांड़ के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने सांड़ के हमले के कारण रात में घर से निकलना भी बंद कर दिया है और खेतों में कई किसान एकत्र होकर जाते हैं। सांड़ ने दो दिन पहले 70 वर्षीय वृद्ध लच्छू पुत्र किशन को रात्रि में हमला कर घायल किया। इसकी बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। एक पखवाडे़ पहले भी इसी सांड़ ने ईश्वर पुत्र फतेह सिंह को भी हमला किया। इनको एक सप्ताह तक बड़ौत भर्ती कराया। इसके अलावा आए दिन सांड़ ग्रामीणों पर हमला करता रहता है। इसको लेकर गांव में हुई पंचायत में भंवर सिंह ने कहा कि सांड़ के हमले में मृत के परिजनों को जिला प्रशासन को जल्द मुआवजा देना चाहिए। गजेंद्र सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन उत्पाती सांड़ को अविलंब पकड़वाकर ग्रामीणों की सुरक्षा के इंतजाम करें। पंचायत में निर्णय लिया जल्द एक प्रतिनिधिमंडल बागपत जाकर जिलाधिकारी से मिलेगा। इस पंचायत की अध्यक्षता हरीसिंह ने की। संचालन भंवर सिंह ने किया। इसमें दयानंद शर्मा, हुकम सिंह, जसवंत शर्मा, अंकित शर्मा, फूल सिंह, गजेंद्र बली, जयपाल भाटी, रूपेंद्र, विकास, जीत सिंह, मनबीर, फूल सिंह आदि रहे।