छपरौली (बागपत)। हेवा गांव में परिजनों के बीच सोयी युवती अचानक लापता हो गई। दिन निकलने पर युवती की लाश घर से डेढ़ सौ मीटर दूर तालाब किनारे पड़ी मिली। हत्या चुनरी से ही फांसी लगाकर की। सूचना मिलते ही एसपी जयप्रकाश ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।
क्षेत्र के हवा निवासी सत्ते की बेटी रजिया (19) सोमवार की रात में परिजनों के साथ घर में ही सोयी थी। मंगलवार को सुबह के समय रजिया का शव तालाब के किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतका के गले में चुनरी लिपटी थी और निशान भी बने थे। चेहरा तालाब में डूबा हुआ था। आशंका है कि हत्या चुनरी से फांसी लगाकर की और हत्यारे ने शव को तालाब में फेंकने की कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रहा।
गांव में युवती की हत्या करने की सूचना मिलते ही एसपी जयप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी ली। मृतका के चाचा गफ्फार ने बताया कि सोमवार की रात में रजिया अपने परिजनों के साथ घर के आंगन में सो रही थी। मंगलवार सुबह तीन बजे के लगभग परिजनों की आंख खुली तो युवती गायब थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। सुबह सात बजे के करीब मोहल्ले के बच्चों ने बताया कि तालाब के किनारे एक युवती का शव पड़ा हुआ था। इस पर परिजन तालाब के किनारे पहुंचे तो मृतका की पहचान रजिया के रूप में की। थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। इस मामले में कुछ संदिग्ध युवकों को उठाकर पूछताछ की जा रही है।
हत्या के बाद फेंका शव
छपरौली। रजिया की हत्या कर शव को तालाब के किनारे फेंका है। उसका चेहरा गर्दन तक तालाब के पानी में डूबा हुआ मिला। शरीर का शेष हिस्सा पानी के बाहर था। गले में चुन्नी लिपटी थी और निशान दिखाई दे रहे हैं। आशंका है कि युवती की दूसरे स्थान पर हत्या कर, शव को यहां पर फेंका है।
कैसे लापता हुई रजिया, क्यों की हत्या?
छपरौली। हत्या को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है। पुलिस ऑनरकीलिंग, प्रेम-प्रसंग के बिंदु के अलावा जांचे में मनमानी का विरोध करने पर युवती की हत्या की आशंका को भी शामिल किया गया है। एसपी जयप्रकाश का कहना है कि कई लोगों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही खुलासा होगा।
ढाई माह बाद होनी थी शादी
छपरौली। मृतक युवती के चाचा गफ्फार ने बताया कि ढाई माह बाद ही रजिया की शादी होनी थी। माता-पिता धीरे-धीरे शादी की तैयारी कर रहे थे, लेकिन रजिया की डोली उठने के बजाए, उसका जनाजा निकला। इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के दो भाई व तीन बहने है। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है।