बागपत। रमाला चीनी मिल के अफसरों के साथ अभद्रता करने का मामला सामने आया है। इस मामले में एक अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
रमाला चीनी मिल में 25 दिसंबर को गन्ना की पर्ची को लेकर विवाद हो गया था। इसको लेकर अफसरों की कहासुनी हुई थी। इससे हंगामा हो गया । इस मामले में मिल के प्रधान प्रबंधक केवीएस चौहान ने रमाला पुलिस को बताया कि 25 तारीख की शाम मिल में पहुंचकर रमाला गांव के विवेक ने हंगामा किया। ईडीपी के वरिष्ठ प्रबंधक जेके पौधदार और गिरिवेश कुमार के साथ अभद्रता की। सरकारी काम में बाधा डाली गई। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। रमाला थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार का कहना है कि आरोपी अधिवक्ता विवेक कुमार निवासी रमाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर अधिवक्ता विवेक कुमार का कहना है कि वे मिल में अपने काम के लिए गए है। उन्होंने किसी से कोई अभद्रता नहीं की है। उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से गलत है।