बागपत। लूट गिरोह के सरगना अमित इलायचीपुर के साथी को गाजियाबाद पुलिस ने बी-वारंट पर कोर्ट में पेश किया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बागपत में डकैती और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। प्रकरण में पुलिस ने मुल्जिम को पेश कर चार्जशीट दाखिल कर दी है।
बागपत के पूर्व चेयरमैन रोहताश गुप्ता के पेट्रोल पंप के सेल्समैन से शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर 5.88 लाख की नगदी लूट ली थी। इसके अलावा शहर के कोर्ट रोड पर रहने वाले बैक के कैशियर जेके जैन के मकान में लाखों रुपये की डकैती हुई थी। कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस की विवेचना में सामने आया था कि इन दोनों वारदात को अंजाम अमित इलायचीपुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिया था। केस का आरोपी राहुल निवासी ख्याजा दिल्ली फरार चल रहा था। उसने 11 नवंबर को गाजियाबाद कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। पता चलने पर कोतवाली पुलिस ने बी-वारंट पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई। बुधवार को गाजियाबाद पुलिस ने राहुल को बी-वारंट पर सीजेएम कोर्ट में पेश किया।