तवेला गढ़ी गांव के जंगल के खेत में पानी चला रहे परिवार पर रंजिश के चलते चार लोगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इसमें तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे से फायरिंग भी की। घायलों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को बिनौली सीएचसी में भर्ती कराया।
तवेला गढ़ी गांव निवासी सत्यवीर ने बताया कि मंगलवार को बेटे बिट्टू, पत्नी सरोज के साथ खेत में पानी चला रहा था। इसी समय गांव के चार लोग लाठी-डंडे व हथियार लेकर वहां पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की। जान से मारने की नियत से तमंचे से कई फायर किए। इसमें वे बाल-बाल बच गए। झगड़े में तीनों लोग घायल हो गए। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। आरोपियों से उनकी रंजिश चल रही है। कई बार आरोपी उन पर हमला कर चुके है। घायलों ने थाने पहुंचकर चार आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को बिनौली सीएचसी में भर्ती कराया। एसओ अजय शर्मा ने बताया कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।