बागपत। सिंघावली अहीर पुलिस ने अमीनगर सराय-बुढ़सैनी मार्ग पर शनिवार की रात में हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही शराब से लदी कार पकड़ी। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर दस पेटी शराब बरामद की। आरोपी हापुड़ जनपद में शराब सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे।
सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष उमेश कुमार पांडेय को शनिवार की रात में साढ़े सात बजे सूचना मिली की कि हरियाणा से कार में शराब तस्करी कर लाई जा रही है। उन्होंने अमीनगर सराय-बुढ़सैनी मार्ग पर पुलिस टीम भेजकर चेकिंग शुरू कराई। पुलिस को ईको कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर कार सवार युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। कार से 10 पेटी अंग्रेजी शराब हरियाणा मार्का बरामद हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि सन्नी उर्फ भूरू पुत्र सतपाल और उस्मान पुत्र कादर निवासी बिलौचपुरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि आरोपी हापुड़ जनपद में शराब सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उन्हें जेल भेजा।