बागपत। धनौरा सिल्वरनगर गांव में लूूट एवं वृद्ध महिला की हत्या के मामले के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें लगी हुई हैं। संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बिनौली थाना क्षेत्र के धनौरा सिल्वरनगर गांव में गत बृहस्पतिवार रात बदमाश सोहनपाल के मकान से 4.50 लाख रुपये की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत नौ लाख रुपये का सामान लूट ले गए थे। विरोध करने पर किसान की पत्नी महावीरी (65) की धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पुलिस की दो टीमें गठित कर घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। पुलिस की दोनों टीमें आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है। कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सर्विलांस की भी मदद ले रही है। हालांकि अभी तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है। कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। जल्दी ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।
बावरिया गिरोह पर शक
बागपत। धनौरा सिल्वरनगर में लूट के बाद महिला की हत्या बावरिया गिरोह द्वारा करने की आशंका जताई जा रही है। जिले में कई वर्षों से बावरिया गिरोह सक्रिय है। पिछले साल दाहा गांव से बावरिया गिरोह के तीन बदमाशों को पुलिस पकड़ कर ले गई थी। इसके लिए गांव-गांव में बावरिया गिरोह के लोग डेरा डालकर रहते हैं। एसपी ने बताया कि पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। आसपास के गांवों में झुग्गी-झोपड़ी डालकर रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बदमाशों को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती
बागपत। धनौरा सिल्वरनगर में लूट व हत्या की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश को पकड़ पाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है, क्योंकि बदमाश अपने पीछे कोई सुराग नहीं छोड़ गए हैं। किसी ने बदमाशों को आते-जाते नहीं देखा। परिजनों एवं ग्रामीणों को तो बदमाशों की संख्या तक नहीं पता। पुलिस भी अंधेरे में ही तीर चला रही है। जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है, इससे साफ है कि बदमाश घर के कोने-कोने से वाकिफ थे। कोई परिचित ही घटना में शामिल रहा है।