बड़ौत (बागपत)। बावली तिराहे पर दिन दहाड़े बाइक से टीकरी जा रहे विद्युत संविदा कर्मचारी पर दो बाइक सवार बदमाशों ने धारदार हथियारों से हमला कर 50 हजार रुपये लूट लिए। हमले में संविदा कर्मी घायल हो गया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया गया, उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
टीकरी कस्बा निवासी राहुल पुत्र जय सिंह विद्युत विभाग मेें संविदा लाइनमैन है। बुधवार को ठेकेदार से 50 हजार रुपये लेकर बाइक पर टीकरी के लिए चला था। उसके साथ बरवाला गांव का संविदा कर्मचारी राजीव पुत्र सोमपाल भी था। बावली तिराहे पर दो बाइकों पर खड़े युवकों ने राहुल को आवाज देकर सड़क किनारे सुनसान जगह पर बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर 50 हजार रुपये लूट लिए। जब आसपास के लोग वहां दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी बीएस सिरोही ने कहा मारपीट की घटना है। जांच की जा रही है।