बड़ौत (बागपत)।
तहसील अधिवक्ता पर तेजाबी हमला करने के मामले में अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अधिवक्ता पुलिस से मांग कर रहे हैं और पीड़ित अधिवक्ता की जान माल की सुरक्षा की भी मांग की। अधिवक्ता प्रवेंद्र पुत्र महावीर निवासी रंछाड़ का गांव में कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार की शाम जब वे तहसील से बाइक पर अपने गांव रंछाड़ जा रहे थे, तो तभी लौहड्डा पुलिया के पास बाइक सवार चार युवकों ने उन्हें रोक कर उन पर तेजाब फेंका। इससे वे झुलस गए । इस मामले में अधिवक्ता ने चार को नामजद कराकर रिपोर्ट दर्ज कराई । अभी तक पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है। इसको लेकर तहसील बार अध्यक्ष वेदपाल पंवार, महामंत्री आनंद पाल तोमर, पूर्व अध्यक्ष धर्मवीर सिंह तोमर व अन्य अधिवक्ताओं ने घटना पर आक्रोश जताया और पुलिस प्रशासन से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
तेजाब से नहीं झुलसे अधिवक्ता : एसपी
एसपी जय प्रकाश ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक अधिवक्ता प्रवेंद्र कुमार तेजाब से नहीं झुलसे है। उनके पैर समेत शरीर पर दो जगह चोट लगी हुई है। उनके शरीर से जरूर तेजाब की दुर्गंध आ रही थी। केस की विवेचन चल रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।