बड़ौत (बागपत)।
भगवान महावीर मार्ग पर मंगलवार की रात में किराना मर्चेंट की दुकान में आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एक लाख रुपये की सामान जल चुका था।
भगवान महावीर मार्ग पर जुगमंदर दास, नरेश चंद जैन दाल वालों की किराना मर्चेंट की दुकान है। वे मंगलवार की रात में दुकान बंद कर घर गए । रात्रि में बिजली के शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। बुधवार की तड़के तीन बजे के लगभग वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना उन्हें दी और वे दुकान पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। दुकान में आग लगने से रिफाइंड, धूपबत्ती, नमकीन, बिस्कुट, दाल, घी व अन्य सामान जल गया। जले सामान की कीमत एक लाख रुपये बताई है। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी।