बड़ौत (बागपत)। बिजरौल गांव में शार्ट सर्किट से एक मकान मेें आग लगने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन विफल हो गए। बाद में सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों का सामान जल गया। लोगों ने पीड़ित के लिए मुआवजे की मांग की।
पीड़ित सुभाष पुत्र जयपाल बिजरौल गांव का रहने वाला है। बुधवार दोपहर वह परिवार के साथ मकान के अंदर सोया था। अचानक मकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। शोर सुनकर लोग उधर दौड़े और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन विफल हो गए। बाद में समाजसेवी हरिओम की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मकान के अंदर रखी गेहूं की बोरियां, चारपाई, कीमती कपड़े, नगदी, आटा, बिस्तर आदि सहित लाखों का सामान जल गया। लोगों ने पीड़ित के लिए मुआवजे की मांग की।