खेकड़ा (बागपत)।
नगर से तीन दिन से लापता व्यक्ति का शव गाजियाबाद के ग्राम मंडौला के जंगल में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए गाजियाबाद भेजा।
नगर के मोहल्ला चक्रसेनपुर निवासी अमित वर्मा ने 14 फरवरी को खेकड़ा थाने में अपने पिता के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके पिता रामभजन वर्मा 11 फरवरी को अपनी बहन के घर जाने की बात कहकर घर से गए, लेकिन वह अपनी न तो अपनी बहन के घर ही पहुंचे, और न ही अपने घर खेकड़ा वापस लौटे। 15 फरवरी को ट्रानिका सिटी पुलिस को ग्राम मंडौला के जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव को जंगली जानवरों ने नोंच रखा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गाजियाबाद भेजा। अमित वर्मा ने शनिवार को ट्रानिका सिटी थाने में पहुंचकर जंगल में मिले शव की शिनाख्त अपने पिता के रूप में की। उन्होंने अपने पिता की हत्या की आशंका जताई। थाना प्रभारी उमेश रोरिया का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही रामभजन वर्मा की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।