बागपत। खुब्बीपुर निवाड़ा गांव के जंगल में हत्या कर एक युवक का शव फेंक दिया। युवक की गला दबाकर हत्या की। गौरीपुर-नौरोजपुर मार्ग पर आईटीआई के पास अर्द्धनग्न अवस्था में शव पड़ा मिला। पुलिस ने शनाख्त न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्राम प्रधान ने शव मिलने की तहरीर दी।
खुब्बीपुर निवाड़ा गांव के जंगल में बुधवार की सुबह गौरीपुर-नौरोजपुर मार्ग पर दीप आईटीआई के पास खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी आरके सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। शव अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा था। युवक की गला दबाकर हत्या की। गले में निशान भी मिले हैं। पुलिस ने शनाख्त न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्राम प्रधान सरवर ने शव मिलने की तहरीर दी है। कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि युवक की उम्र 25 वर्ष के लगभग है। गला दबाकर हत्या कर शव को फेंका। मृतक के गले पर निशान मिले हैं। जिस हालत में शव मिला है, उससे लगता है कि किसी महिला से अनैतिक संबंधों के कारण उसकी हत्या कर दी। शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शिनाख्त होने के बाद ही घटना का खुलासा हो सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
क्षेत्र में ठिकाने लगाए जा रहे अज्ञात शव
बागपत। कोतवाली क्षेत्र में शवों को ठिकाने लगाने का सिलसिला जारी है। अब तक सात शव मिल चुके हैं। अप्रैल माह में औद्योगिक क्षेत्र में हत्या कर महिला का शव जला दिया। कलक्ट्रेट की ज्ञान वाटिका में हत्या कर शव फेंका। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर क्रिस्तु ज्योति स्कूल के पास भी अज्ञात शव मिला । सूजरा रेलवे हाल्ट के पास युवक की गला रेत हत्या कर शव फेंका और अब खुब्बीपुर निवाड़ा के जंगल में शव मिला है। पुलिस अभी तक एक भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई।