बागपत। अधिवक्ता राम कुमार तोमर से मोबाइल फोन पर पांच लाख रुपये की रंगदारी के मामले में पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने कहा अधिवक्ता ने युवक को चेक बाउंस का नोटिस दिया। इसे लेकर दोनों में विवाद चल रहा है। रंगदारी मांगने का आरोप गलत है।
रेवेन्यु बार एसोसिएशन बागपत के अधिवक्ता राम कुमार तोमर से मंगलवार को मोबाइल फोन पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। अधिवक्ता ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि अधिवक्ता ने बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के गुराना गांव निवासी एक युवक को चेक बाउंस का नोटिस दिया। इसे लेकर दोनों में विवाद चल रहा है। मोबाइल पर युवक और अधिवक्ता के बीच गाली गलौच हुई। बृहस्पतिवार को स्वयं ही युवक अधिवक्ता के चैंबर पर पहुंच गया। रंगदारी मांगने का आरोप गलत निकला। वहीं अधिवक्ता राम कुमार तोमर ने बताया कि युवक ने उनके चैंबर पर पहुंचकर फिर से धमकी दी। पुलिस उनके चैंबर से युवक को पकड़ कर ले गई। युवक ठगी करने का काम करता है। चांदीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से भी वीजा बनवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर रखी है।