अमीनगर सराय (बागपत)।
कस्बे में कोल्हू मालिक से हुई लाखों की लूट के मामले में पुलिस फरार दो बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। घटना स्थल से तीन किलोमीटर दूर मतातनगर गांव के जंगल में कोल्हू से लूटा गया गल्ला पड़ा मिला है। पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक उसने अपने साथियों के नाम नहीं बताए है।
शुक्रवार की शाम साढ़े पांच बजे सराय-बिनौली मार्ग पर स्थित संजय गर्ग पुत्र हरिओम निवासी अमीनगर सराय अपने कोल्हू पर बैठा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश तमंचे के बल पर उनसे कैश से भरा गल्ला लूट कर भाग निकले थे। गल्ले में 1.50 लाख रुपये के लगभग कैश बताया। मार्ग पर गश्त कर रही पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। तितरौदा पुलिया के पास से सचिन निवासी सरधना को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जबकि उसे दो साथी कैश लेकर भाग निकले । पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर रही है, लेकिन उसने अभी तक अपने साथियों के नाम तक पुलिस को नहीं बताए। वहीं कोल्हू से लूटा गया गल्ला घटना स्थल से तीन किलोमीटर आगे मतातनगर गांव के जंगल में किसान सौदान सिंह के खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गल्ले को उठाकर थाने ले गई। बदमाशों ने मतातनगर के जंगल में गल्ले का लॉक तोड़कर कैश निकाला है। थानाध्यक्ष हरेराम यादव ने बताया कि पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है।