बागपत। गोरीपुर जवाहर नगर गांव में मोड़ पर बुधवार की रात तीन दुकानों में नकब लगाकर एवं शटर तोड़कर बदमाश लैपटॉप, मोबाइल सहित हजारों रुपये का सामान चुराकर ले गए। एक दुकान में चोरी का प्रयास किया। बृहस्पतिवार की सुबह बागपत के पास एक होटल पर लोगों ने एक चोर को पकड़ लिया और मारपीट कर पुलिस को सौंपा। बदमाश के कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ है। पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर रही है। तीन-चार युवकों को हिरासत में लिया है।
गोरीपुर मोड़ पर बुधवार की रात में बदमाशों ने गोरीपुर गांव निवासी सूरज की एनएसके मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर की दुकान का शटर तोड़कर लैपटॉप, हार्ड डिस्क, 25 पुराने मोबाइल, एक हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली। इसके बाद बदमाशों ने पास में बागपत निवासी गुड्डू की सोनी वाच एंड मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर की दुकान पर धावा बोला। पीछे से दीवार में नकब लगाकर बदमाश अंदर घुसे और सात मोबाइल, बैट्री, इंवेटर, दो गैस सिलेंडर चुराकर ले गए। इसके बाद बराबर में स्थित खुमान वेज चाइनीज फास्ट फूड की दुकान में पीछे से नकब लगाकर बैट्री चोरी कर ले गए। इसके बाद बदमाशों ने अल्वी टेलीकोम सेंटर की दुकान में चोरी का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। इन चोरी की घटनाओं का बृहस्पतिवार की सुबह उस समय पता चला, जब दुकान मालिक अपनी दुकानों पर आए। उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। बृहस्पतिवार की सुबह चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर बागपत की तरफ पैदल ही आ रहे एक बदमाश को किस्तु ज्योति स्कूल के पास होटल पर लोगों ने पकड़ लिया। उसकी पिटाई की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों ने पकड़े गए बदमाश को पुलिस को सौंपा। पुलिस ने उसके कब्जे से सूरज की दुकान से चोरी गए मोबाइल, लैपटॉप बरामद किए हैं। पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर रही है। इस मामले में पुलिस ने तीन-चार युवकों को हिरासत लिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया हिरासत में लिए गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है।
पहले शराब पी, फिर दुकानों में की चोरी
बागपत। पकड़ा गया बदमाश समीर पुत्र साहबुद्दीन जिला गौतमबुद्धनगर के थाना के सूरजपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में बदमाश ने बताया कि बुधवार की रात में गोरीपुर मोड़ पर उसने मनोज, मिट्ठन व अनिल के साथ बैठ कर शराब पी। शराब पीने के बाद रात्र में एक बजे के करीब उन्होंने चोरी करना शुरू किया। चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद समीर थैले में चोरी के मोबाइल व लैपटॉप डालकर बागपत की तरफ पैदल ही चल दिया। वह बागपत में किस्तु ज्योति स्कूल के पास पहुंचा और एक होटल पर खाना खाने लगा तो लोगों को उस पर शक हो गया। लोगों ने उसे पकड़ लिया।
निवाड़ा में बहन के पास रहता है समीर
बागपत। पकड़ा गया बदमाश समीर पिछले छह साल से निवाड़ा में अपनी बहन सोनू पत्नी अनीस के घर पर ही रहा है। वह ट्रैक्टर पर मजदूरी करता है। कई-कई दिन तक घर नहीं भी आता है। पुलिस को शक है कि उसने ओर भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।