बागपत। सहारनपुर के चालक को पिस्टल से डराकर तीन बदमाशों ने सोनीपत में अपहरण कर लिया और कार लूट ली। बदमाश चालक को डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर इधर से उधर घूमते रहे। इसके बाद चालक को गढ़ी मिर्कपुर चौकी के पास जंगल में फेंककर फरार हो गए। चालक ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। पाबला-बसी के जंगल में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद बदमाश कार छोड़कर पुलिस पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। एसपी जयप्रकाश के नेतृत्व में कांबिंग की गई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। दो संदिग्ध युवक हिरासत में लिए हैं।
सहारनपुर के पहाड़पुर निवासी मनोज कुमार पुत्र रमेश चंद गांव के ही प्रदीप सैनी की वेरना कार पर बतौर चालक नौकरी करता है। बुधवार को वह नांगल थाना क्षेत्र के तल्हेड़ी गांव से बुकिंग लेकर हरियाणा के सोनीपत गया । कार को बुक पर ले गया परिवार रिश्तेदारी में चला गया, जबकि चालक आबकारी भवन के पास खड़ा हो गया। कुछ देर बाद तीन युवक पहुंचे और मनोज कुमार से आबकारी भवन का पता पूछने लगे। चालक जैसे ही उन्हें इशारे से आबकारी भवन के विषय में बता रहा था तीनों ने पिस्टल निकाल ली और चालक को धमकी देकर अगवा कर कार में पीछे डाल लिया। एक बदमाश कार चलाने लगा, जबकि दो ने पीछे मनोज को बंधक बनाकर उसका मुंह बांध दिया और धमकी दी। करीब डेढ़ घंटे तक वह चालक को लेकर इधर-उधर घूमते रहे। दोपहर बाद उसे सोनीपत की गढ़ी मिर्कपुर चौकी के पास एक झोपड़ी में फेंककर बागपत की तरफ भाग निकले। चालक ने किसी तरह बंधन मुक्त होकर लोगों की मदद से पहले मिर्कपुर और इसके बाद बागपत की निवाड़ा पुलिस चौकी को जानकारी दी। पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। बसी-पाबला गांव के जंगल में पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। मौका पाकर बदमाश सड़क पर कार को खड़ी कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसपी जयप्रकाश और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचे। मुठभेड़ के बावजूद बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। देर रात तक कांबिंग चल रही थी।
जीपीएस सिस्टम से मिलती रही लोकेशन
बागपत। चालक और कार के मालिक ने पुलिस को बताया कि कार में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ है। इसके आधार पर ही कार की लोकेशन मिलती रही और पुलिस अलर्ट हो गई। बसी मार्ग से गुजरे बदमाशों को यूपी 100 डायल पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी, इसके बाद बदमाशों को खुद के घिरे होने का अहसास हुआ और फायरिंग करते हुए भाग गए।
कोड वर्ड में बतिया रहे थे तीनों बदमाश
बागपत। चालक मनोज कुमार ने बताया कि तीनों बदमाश कोड वर्ड में बात कर रहे थे। एक बदमाश ने चालक को गोली मारकर फेंकने की बात कही थी, लेकिन दूसरे न मना कर दिया।
कांबिंग जारी, दो संदिग्ध हिरासत में
बागपत। पाबला गांव के जंगल में देर रात तक पुलिस का अभियान जारी है। ईंट भट्टे से दो संदिग्ध युवक पकड़े गए। पुलिस का कहना है कि इनसे पूछताछ की जा रही है।