बड़ौत (बागपत)। शिकोहपुर गांव में राजपाल की हत्या खेत में पानी के विवाद को लेकर की गई थी। पुलिस ने इस हत्या में एक किशोर समेत दो को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है।
शिकोहपुर गांव में छह जून को पंचायत सदस्य राजपाल की हत्या उस समय कर दी गई थी जब वह खेत में पानी चलाकर घर आ रहा था। इस मामले में दो लोगों को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीओ कर्मवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि इस हत्या के आरोपी दिल्ली-सहारनपुर रोड पर ट्यौढ़ी गांव के पास शिव मूर्ति के नजदीक खड़े हैं। कोतवाली प्रभारी रणबीर सिंह यादव, एसएसआई हेमेंद्र बालियान पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे। जिनको पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में सत्यम (19) पुत्र पंकज उर्फ बोबी निवासी शिकोहपुर और गांव का ही समीर उर्फ कार्टून (15) पुत्र शौकत निवासी शिकोहपुर सत्यम के यहां मजदूरी करता है उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सत्यम से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा बरामद किया है।