खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के ग्राम बसी में बाइक चोरी कर जलाने के बाद तनाव हो गया। ग्रामीणों ने पंचायत कर दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद को निपटाना चाहा। विवाद न सुलझने के बाद पीड़ित पक्ष ने खेकड़ा थाने में बाइक चोरी कर जलाने वाले युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मामला क्षेत्र के ग्राम बसी का है। ग्राम बसी निवासी ग्रामीण हरबीर पुत्र नत्थू शनिवार को परिजनों के साथ खेकड़ा थाने में पहुंचा। वहां उसने दी तहरीर में कहा गांव के ही तीन युवक शुक्रवार को उसके मकान में घुसकर वहां पर खड़ी बाइक चोरी कर ले गए । पड़ोस के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में बाइक चोरी करने वाले तीनों युवक कैद हो गए। बाइक चोरी होने के चलते उसने अपनी बाइक की तलाश की। लेकिन सफलता नहीं मिली।
पीड़ित ने बताया कि इसके बाद बाइक चोरी के मामले को लेकर गांव के गणमान्य लोगों की पंचायत हुई। इसमें बाइक चुराने वाले युवकों को भी बुलवाया । पंचायत में पंचों की सख्ती के चलते युवकों ने बाइक चुराने की बात को स्वीकार कर लिया। बताया जाता है कि उक्त युवकों ने बाइक चुराकर उसमें आग लगा दी और आग लगाने के बाद बाइक को समीप में स्थित एक कुएं में फेंक दिया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच जली हुई बाइक को कुएं से बाहर निकलवाया। पीड़ित ने पुलिस से बाइक जलाने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।