दोघट (बागपत)। पुसार गांव में होली के दिन हुई पूर्व प्रधान के भाई की हत्या में पुलिस ने नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई पूर्व प्रधान की लाइसेंसी बंदूक, हत्या में प्रयुक्त बलकटी बरामद की। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया।
पुसार गांव में बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधान भाग्यवीर के परिवार पर गांव के ही सात लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया था, जिसमें पूर्व प्रधान भाग्यवीर, आकाश, ओमकार, धर्मेंद्र, बालेंद्र, पूनम, शुभम सहित नौ लोग घायल हो गए थे। पूर्व प्रधान के भाई ओमकार की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। हमलावर पूर्व प्रधान की लाइसेंसी बंदूक भी लूटकर ले गए थे। परिवार की ही पूनम ने कृष्णपाल, अमित, अमरीश, रीनू, हरेंद्र, मनीष उर्फ छोटू, सुमित उर्फ प्रिंस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसओ दोघट अजय शर्मा ने बताया कि रीनू व मनीष उर्फ छोटू को नलकूप से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई लाइसेंसी बंदूक, घटना में प्रयुक्त बलकटी बरामद की।
आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि होली के दिन पूर्व प्रधान के बेटे आकाश व आरोपी पक्ष के अमित के बीच मारपीट हो गई थी। अमित को नशा अधिक होने के कारण उसने परिजनों को घटना के बारे में बताया। परिजनों ने गुस्से में पूर्व प्रधान के घर पर हमला बोल दिया था। इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।